FM NEWS NETWORK
रांची:झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य डॉ तनुज खत्री ने कहा कि बाबूलाल मरांडी अक्सर सनसनीखेज और भ्रामक बयान देकर केवल सुर्खियों में बने रहने की कोशिश करते हैं।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि बाबूलाल मरांडी के पास किसी भी विषय पर ठोस एवं प्रमाणिक जानकारी है, तो उन्हें चाहिए कि वह यह प्रमाण पूरी जिम्मेदारी और संवैधानिक दायरे में रहते हुए सरकार या संबंधित जांच एजेंसियों को सौंपें।
डॉ. खत्री ने कहा,“लोकतंत्र में आलोचना और सवाल उठाना पूरी तरह से जायज़ है, लेकिन बिना किसी पुष्टि और तथ्यात्मक आधार के गंभीर आरोप लगाना न केवल जनता को भ्रमित करता है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को भी चोट पहुँचाता है। इस प्रकार के बयानों से राजनीतिक माहौल बिगड़ता है और जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड जैसे संवेदनशील राज्य में इस तरह के बयानों को “ड्रामा” की तरह पेश करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजनीतिक जीवन में ज़िम्मेदारी और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए। जनता उम्मीद करती है कि उसके नेता तथ्यों और सच्चाई के आधार पर ही बोलें, न कि केवल राजनीतिक लाभ के लिए सनसनी फैलाएँ।
अंत में डॉ. खत्री ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित और विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राजनीतिक संवाद को स्वस्थ और तथ्यपरक बनाए रखने का आह्वान करता है।