FM NEWS NETWORK
नई दिल्ली: लोकसभा में मॉनसून सत्र के बाकी दिनों की तरह मंगलवार को भी विपक्ष का विरोध और नारेबाजी चलती रही। सरकार ने इसी नारेबाजी के बीच दो बिल पास करा लिए। पहले चर्चा चल रही थी कि मॉनसून सत्र को जल्दी समाप्त किया जा सकता है लेकिन मंगलवार को विपक्ष की नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही सोमवार यानी 18 अगस्त तक के लिए स्थगित की गई। मॉनसून सत्र अब पांच दिन के ब्रेक के बाद फिर चलेगा। मॉनसून सत्र की तारीख 21 अगस्त तक तय है। मंगलवार को सरकार ने लोकसभा में इंडियन पोर्ट बिल और माइंस एंड मिनरल्स बिल पास कराए।मॉनसून सत्र शुरू होने के साथ ही पहले ऑपरेशन सिंदूर पर डिबेट की मांग को लेकर विपक्ष की नारेबाजी और विरोध की वजह से लोकसभा में कामकाज नहीं हो पाया था। फिर लोकसभा में दो दिन ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा हुई। जिसके बाद विपक्ष ने बिहार में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन का विरोध करते हुए इस पर चर्चा कराने की मांग की। तब से लगातार विपक्ष हर दिन इसे मांग को लेकर नारेबाजी कर रहा है।सरकार की तरफ से पहले ही कह दिया गया कि इस पर चर्चा नहीं हो सकती क्योंकि यह चुनाव आयोग की एक प्रक्रिया है और उस पर संसद चर्चा नहीं कर सकती। सरकार की तरफ से लगातार कहा जा रहा है कि विपक्ष संसद नहीं चलने दे रहा है। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू कई बार कह चुके हैं कि विपक्ष के ही कई सांसदों ने उनसे कहा कि वे चाहते हैं कि सदन चले ताकि वह अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दे उठा सकें। रिजिजू लगातार राहुल गांधी और कांग्रेस को घेर रहे हैं। अब तक तक सत्र के दौरान रिजिजू यह कहते रहे हैं कि एक व्यक्ति, एक परिवार (गांधी) की वजह से देश का और संसद का वक्त बर्बाद हो रहा है।
मॉनसून सत्र में पांच दिन का ब्रेक, विपक्ष का विरोध जारी
29